Hindi English
Login
Image
Image

Welcome to Instafeed

Latest News, Updates, and Trending Stories

ईद 2025: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने दी शुभकामनाएं, गांधी मैदान में हजारों ने अदा की नमाज

देशभर में 31 मार्च 2025 को ईद-उल-फितर धूमधाम से मनाई जा रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और अन्य नेताओं ने ईद की शुभकामनाएं दीं। पटना के गांधी मैदान में हजारों लोगों ने नमाज अदा की, जहां सीएम नीतीश भी शामिल हुए।

Advertisement
Instafeed.org

By Shraddha Singh | Delhi, Delhi | राजनीति - 31 March 2025

देशभर में आज (31 मार्च) ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रमजान के पाक महीने के समापन के बाद मुस्लिम समुदाय ईद का पर्व धूमधाम से मना रहा है। रविवार को ईद का चांद नजर आने के बाद सोमवार को देशभर में नमाज अदा की जा रही है। इस शुभ अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और अन्य बड़े नेताओं ने देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी बधाई

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट कर प्रदेशवासियों को ईद की बधाई देते हुए लिखा, "ईद के इस खास मौके पर देश एवं प्रदेश के सभी मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं। खुदा इस मुबारक दिन पर हम सब पर अपनी रहमतों की बारिश करे और राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि बनी रहे।"

मुख्यमंत्री ने पटना के गांधी मैदान में आयोजित ईद-उल-फितर के कार्यक्रम में भी शिरकत की। यहां हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा की। हर साल की तरह इस बार भी गांधी मैदान में सबसे बड़ा जमात लगा, जिसमें करीब 20 से 25 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

तेजस्वी यादव और लालू यादव ने भी दी शुभकामनाएं

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी ईद की मुबारकबाद दी। तेजस्वी यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "ईद मुबारक! खुदा से दुआ है कि देश और प्रदेश में हमेशा अमन, चैन और भाईचारा बना रहे। यह दिन इनाम का दिन है। अल्लाह हम सब पर अपनी रहमत बरसाए और सभी का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से भरा रहे। साथ ही, हम सब जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।"

लालू प्रसाद यादव ने भी अपने संदेश में देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए भाईचारे और प्रेम की भावना को बनाए रखने का आह्वान किया।

अन्य नेताओं ने भी दी बधाई

बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश कुमार ने भी एक्स पर पोस्ट कर प्रदेशवासियों को ईद-उल-फितर की बधाई दी। उन्होंने लिखा, "ईद भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। इस पावन पर्व पर सभी को शुभकामनाएं और मुबारकबाद।"

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी एक्स पर पोस्ट कर देशवासियों को ईद की बधाई दी और सभी के सुख-शांति की कामना की।

देशभर में ईद की धूम

ईद के इस पावन पर्व पर देश के विभिन्न हिस्सों में नमाज अदा की गई। दिल्ली की जामा मस्जिद, लखनऊ की ऐशबाग ईदगाह, मुंबई की मिनारा मस्जिद और हैदराबाद की मक्का मस्जिद समेत देशभर की बड़ी मस्जिदों में हजारों लोगों ने ईद की नमाज अदा की। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाइयां दीं और मीठी सेवइयों का स्वाद लिया।

ईद का यह त्योहार सिर्फ एक पर्व ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश भी देता है। इस दिन लोग पुराने गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे को गले लगाते हैं और समाज में शांति और एकता बनाए रखने का संकल्प लेते हैं।

Advertisement
Image
Advertisement
Comments

No comments available.

Participate in Our Poll